✒️सुभाष मेश्राम की खबर…
बिना नंबर के ऑटो-दोपहिया पर यातायात पुलिस की सख्ती, त्योहारी सीजन से पहले बढ़ाई निगरानी

जगदलपुर। आगामी त्योहारी सीजन और बस्तर दशहरा पर्व को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे ऑटो और दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक बस्तर श्री शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार धोत्रे के निर्देशन में यातायात प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने शहर में वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना नंबर के संचालित पाए गए ऑटो और दोपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कार्रवाई की गई।
बिना नंबर वाहन चलाने वालों को यातायात कार्यालय बुलाकर दी समझाइश
जांच के दौरान बिना नंबर के वाहन चलाते पाए गए चालकों को यातायात कार्यालय लाया गया। यहां वाहन के अनिवार्य पंजीयन, नंबर प्लेट की आवश्यकता, आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की गई।
यातायात पुलिस की यह कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रही, बल्कि वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस का उद्देश्य सड़क पर चलने वाले प्रत्येक वाहन की पहचान सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना है।
बिना नंबर वाहन सुरक्षा के लिए भी चुनौती
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन संचालित करने से पहले उसका विधिवत पंजीयन और निर्धारित नंबर प्लेट लगाना आवश्यक है। बिना नंबर अथवा अधूरे दस्तावेजों के वाहन चलाने से वाहन की पहचान और जवाबदेही सुनिश्चित करने में परेशानी हो सकती है। ऐसे वाहन कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भी चुनौती पैदा कर सकते हैं।
बस्तर दशहरा जैसे बड़े पर्व के दौरान जगदलपुर शहर में वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से की जा रही वाहन जांच को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बिना नंबर, बिना पंजीयन अथवा अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन न चलाएं। अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें, निर्धारित नंबर प्लेट लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
त्योहारी सीजन में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
