
छत्तीसगढ़ /बस्तर
तारेका-चारगांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, दो दिन में राशन वितरण दुरुस्त करने का आश्वासन
जगदलपुर। ग्राम पंचायत तारेका एवं चारगांव के करीब 500 ग्रामीणों ने आदिवासी नेता एवं बस्तर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में जिला मुख्यालय जगदलपुर पहुंचकर राशन वितरण में कथित अनियमितता और प्राथमिक शाला चारगांव में शिक्षकों की कमी के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2025-26 से ग्राम चारगांव में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। राशन संचालक युवराज बघेल द्वारा कुछ राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में नियमित राशन नहीं दिए जाने तथा कुछ हितग्राहियों से दो माह का फिंगरप्रिंट/बायोमेट्रिक सत्यापन लेने के बावजूद राशन नहीं मिलने की शिकायत ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत स्तर पर कार्रवाई के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पात्र हितग्राहियों को उनका पूरा एवं नियमित राशन उपलब्ध कराने तथा राशन वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने की मांग की।
90 बच्चों पर एक शिक्षक
ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला चारगांव में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि स्कूल में करीब 90 छात्र-छात्राओं के लिए मात्र एक शिक्षक होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।
इस दौरान हेमंत कश्यप ने कहा कि गरीबों के हक का राशन और ग्रामीण बच्चों की शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय समस्याओं का स्थायी समाधान जमीन पर सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।


दो दिन में राशन वितरण दुरुस्त करने का आश्वासन
ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त करते हुए बस्तर संयुक्त कलेक्टर श्री अगर सिंह राणा ने जिला खाद्य अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा की और राशन वितरण व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को दो दिनों के भीतर राशन वितरण करवाने का आश्वासन दिया गया।
हेमंत कश्यप ने कहा, “हम आश्वासन नहीं, समाधान चाहते हैं। गरीबों के हक के राशन और बच्चों के शिक्षा के अधिकार से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार यदि समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होती है, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी।”
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान तारेका सरपंच जोगेंद्र बघेल, चारगांव सरपंच रवि बघेल, धनपति बघेल, नकुल कश्यप, लखमू कश्यप, मदन कश्यप, मानसाय मंडावी, जयराम नेताम, रायधार कश्यप, किरस नेताम, लुछन, ताती, सुकूरू, दुर्योधन, तिरथू, धनी, सुरेश, मंगलू, मनीराम, दौलत, सिंगो, सोमार्वती, रामबती, मीठे, चैति, फूलमती, सोनाई, रतनी, पतई, धनमती, सावित्री, मीटकी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
