NMDC के 69 साल के उत्पादन रिकॉर्ड पर नवनीत चाँद ने उठाए सवाल, डिपॉजिट-14 हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग



बैलाडीला में मलबा बहने और प्राकृतिक नाला प्रभावित होने पर NMDC CMD से मांगा जवाब, 48 घंटे में सुरक्षा उपाय और 30 दिन में जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग

जगदलपुर। NMDC के 69वें स्थापना दिवस पर उत्पादन के नए कीर्तिमान और वर्ष 2030 तक 100 मिलियन टन उत्पादन क्षमता हासिल करने के लक्ष्य के बीच बैलाडीला के डिपॉजिट-14 में मलबा धंसने और बहने की घटना को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के मुख्य संयोजक एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे.) के प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद ने इस मामले में NMDC प्रबंधन, केंद्र एवं राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

नवनीत चाँद ने दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष रेमन मारकमी और संभागीय महामंत्री रामनाथ नेगी के साथ संयुक्त बयान जारी कर कहा कि NMDC ने वित्त वर्ष 2025-26 में 53.3 मिलियन टन लौह अयस्क उत्पादन और सालाना 21 प्रतिशत वृद्धि की उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने 2030 तक 100 मिलियन टन उत्पादन क्षमता का लक्ष्य भी रखा है। लेकिन उत्पादन के इन आंकड़ों के बीच बैलाडीला क्षेत्र में डिपॉजिट-14 से मलबा बहने, प्राकृतिक नाला प्रभावित होने और वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने की खबरें गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने NMDC के CMD अमिताव मुखर्जी से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या कंपनी की सफलता केवल उत्पादन के रिकॉर्ड और आर्थिक लक्ष्यों से तय होगी या खनन क्षेत्र के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा, जलस्रोतों और जंगलों का संरक्षण भी उसकी जिम्मेदारी है? उन्होंने मांग की कि CMD इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी कर जांच और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट करें।

जारी बयान के अनुसार, समाचार पत्रों में करीब 5 लाख मीट्रिक टन मलबा बहने और लगभग 2 किलोमीटर वन क्षेत्र प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। लोहागांव सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवागमन, राशन और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने की बात कही गई है। संगठन ने इन आंकड़ों और नुकसान की वास्तविक स्थिति का स्वतंत्र तकनीकी सर्वेक्षण कराने की मांग की है।

NMDC की ओर से घटना को प्राकृतिक कारणों से जुड़ा और खनन गतिविधियों से असंबद्ध बताए जाने की जानकारी पर भी संगठन ने सवाल उठाए हैं। नवनीत चाँद का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए स्वतंत्र भू-वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी निर्धारित हो सके।

आठ प्रमुख मांगों के साथ उठाई जवाबदेही की मांग

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा ने डिपॉजिट-14 की घटना की IBM, DGMS, पर्यावरण संरक्षण मंडल, वन एवं खनिज विभाग तथा IIT/NIT के स्वतंत्र विशेषज्ञों की संयुक्त समिति से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इसके साथ डंप की ऊंचाई, ढलान, भार क्षमता, भूगर्भीय संरचना, जमीन में दरारों और जल दबाव की तकनीकी जांच कराने की बात कही है।

संगठन ने बचेली-किरंदुल क्षेत्र के सभी टेलिंग्स डैम, ओवरबर्डन और खनन अपशिष्ट डंपिंग स्थलों का स्वतंत्र सुरक्षा एवं पर्यावरणीय ऑडिट कराने, पिछले पांच वर्षों की दुर्घटनाओं और सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग रखी है।

इसके अलावा प्रभावित गांवों में नुकसान का सर्वेक्षण कर ग्रामीणों को उचित मुआवजा देने, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्राकृतिक नाले का जल प्रवाह बहाल करने और वनक्षति का आकलन कराने की मांग की गई है। संगठन ने NMDC अधिकारियों, संबंधित ठेकेदारों और निगरानी करने वाले सरकारी विभागों की भूमिका की जांच कर लापरवाही प्रमाणित होने पर कार्रवाई की मांग भी की है।

48 घंटे में सुरक्षा उपाय, 30 दिन में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी

संगठन ने प्रशासन और NMDC प्रबंधन के सामने समयबद्ध कार्रवाई की मांग रखते हुए 48 घंटे में प्राथमिक सुरक्षा व्यवस्था एवं साक्ष्यों का संरक्षण, 7 दिनों में स्वतंत्र जांच समिति का गठन, 15 दिनों में प्रारंभिक तकनीकी रिपोर्ट और 30 दिनों के भीतर जांच की प्रगति एवं सुधारात्मक कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की है।

नवनीत चाँद ने कहा कि बैलाडीला की खनिज संपदा देश की आर्थिक मजबूती में योगदान देती है, लेकिन इसकी कीमत स्थानीय आदिवासी और ग्रामीण समुदायों को अपने जल, जंगल, जमीन और जीवन की सुरक्षा गंवाकर नहीं चुकानी चाहिए। संगठन औद्योगिक विकास का विरोधी नहीं है, बल्कि सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह विकास का पक्षधर है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि NMDC प्रबंधन, सरकार और जिला प्रशासन समयसीमा में ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं तो प्रभावित ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

संगठन ने सवाल उठाया है कि NMDC के 69 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाते समय क्या बैलाडीला के प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा और उनके नुकसान का हिसाब भी कंपनी की जिम्मेदारियों में शामिल किया जाएगा?

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *