जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारियों के आंदोलन और प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष दो सूत्रीय मांगें रखी हैं। फेडरेशन ने 18 नवंबर 2026 को जारी ज्ञापन के माध्यम से पटवारियों की समस्याओं का सम्मानजनक समाधान करने तथा कर्मचारियों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग की है।
पटवारियों पर कार्रवाई को लेकर नाराजगी
ज्ञापन में छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रहती है।
फेडरेशन ने आरोप जताया है कि पटवारियों की समस्याओं और लंबित मांगों का संवाद के माध्यम से समाधान करने के बजाय एसीबी की कार्रवाई सहित विभिन्न प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इससे प्रदेश के कर्मचारियों में असंतोष और आक्रोश का माहौल बन रहा है।
फेडरेशन ने मांग की है कि आंदोलन के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई समस्त दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त किया जाए और पटवारी संघ की जायज मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए सम्मानजनक समाधान निकाला जाए।
3 प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर्स सहित भुगतान मांगा
ज्ञापन में दूसरी प्रमुख मांग प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़ी है। फेडरेशन का कहना है कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवक अभी भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते के भुगतान से वंचित हैं।
इस अंतर के कारण प्रदेश के कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। फेडरेशन ने मांग की है कि प्रदेश के समस्त शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का लाभ केंद्र सरकार के समान देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान किया जाए।
सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि वह कर्मचारियों के हितों की रक्षा और प्रशासन में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के पक्ष में है। संगठन ने सरकार से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
अब देखना होगा कि प्रदेश सरकार पटवारियों के आंदोलन से जुड़े विवाद और कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते के मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है।
समाचार क्रांति भारत

