रावघाट-जगदलपुर रेललाइन पर अब आर-पार की तैयारी, कोंडागांव से भी निर्माण शुरू करने रेलवे को 3 महीने का अल्टीमेटम

सर्व समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, नारायणपुर और जगदलपुर दोनों दिशाओं में एक साथ काम शुरू करने की मांग; मांग पूरी नहीं हुई तो कोंडागांव बंद और मतदान बहिष्कार अभियान की चेतावनी।

✒️सुभाष मेश्राम की खबर….

कोंडागांव। बस्तर को जगदलपुर तक यात्री रेल सुविधा से जोड़ने की वर्षों पुरानी मांग अब एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस बार सर्व समाज कोंडागांव ने रेललाइन निर्माण को लेकर रेलवे को तीन महीने का अल्टीमेटम दिया है। समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना को मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नाम ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट किया कि रावघाट-जगदलपुर रेललाइन का निर्माण केवल एक दिशा से नहीं, बल्कि कोंडागांव से नारायणपुर और कोंडागांव से जगदलपुर दोनों दिशाओं में एक साथ शुरू किया जाए।
सर्व समाज का कहना है कि कोंडागांव को रेललाइन के नक्शे में जगह देना पर्याप्त नहीं है। इसे निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाए, ताकि परियोजना में तेजी आए और जगदलपुर तक यात्री रेल पहुंचने का रास्ता साफ हो सके।
2015 की घोषणा, लेकिन अब तक जगदलपुर तक रेल का इंतजार
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मई 2015 को दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेललाइन परियोजना की घोषणा की थी। वर्ष 2022 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य भी सामने आया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद बस्तर की जनता को जगदलपुर तक यात्री रेल सुविधा नहीं मिल सकी।
सर्व समाज ने कहा कि दल्लीराजहरा से रावघाट तक रेललाइन का विकास मुख्य रूप से लौह अयस्क परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र की औद्योगिक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। रावघाट तक मेमू ट्रेन का संचालन स्वागतयोग्य है, लेकिन इसे पूरे बस्तर की यात्री रेल सुविधा की उपलब्धि बताना उचित नहीं होगा। बस्तर की वास्तविक जरूरत जगदलपुर तक नियमित यात्री रेल सेवा है।
3513 करोड़ की स्वीकृति तो फिर निर्माण में देरी क्यों?
ज्ञापन में रेललाइन परियोजना के लिए 3,513.11 करोड़ रुपये की बजट स्वीकृति का उल्लेख करते हुए रेलवे से सवाल किया गया कि जब परियोजना के लिए बजट स्वीकृति की बात सामने आ चुकी है, तो जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू होने में देरी क्यों हो रही है?
समाज ने रेलवे से निविदा प्रक्रिया, निर्माण कार्य शुरू करने की तारीख, चरणबद्ध कार्ययोजना और परियोजना पूरी करने की निश्चित समयसीमा सार्वजनिक करने की मांग की है।
तीन महीने बाद कोंडागांव बंद और व्यापक आंदोलन की चेतावनी
सर्व समाज कोंडागांव ने चेतावनी दी है कि ज्ञापन प्राप्ति की तारीख से तीन महीने के भीतर कोंडागांव से दोनों दिशाओं में निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कोंडागांव बंद का आह्वान किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार अभियान चलाने और बस्तर संभाग में व्यापक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू करने की बात कही गई है।
समाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हस्तक्षेप कर वर्ष 2015 में की गई घोषणा को धरातल पर उतारने तथा कोंडागांव से दोनों दिशाओं में एक साथ निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व समाज अध्यक्ष धंसराज टंडन के नेतृत्व में संरक्षक एमडी बघेल, शांतिलाल सुराना, आरके जैन, सचिव शीतल कोर्राम, जिला कोषाध्यक्ष आईसी निषाद, रामेश्वर बघेल, सर्व आदिवासी समाज जिला सचिव एवं सलाहकार आरएस सलाम, बस्तर राजपूत समाज के सचिन नेपाल सिंह ठाकुर, अंजुमन कमेटी अध्यक्ष सैयद सफीक, बस्तर संभाग मुस्लिम समाज उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम मंसूरी, श्याम सिंह, भारत जैन, तरुण नाग, चवन वर्मा, पीएल ठावरे, शंकरलाल विश्वकर्मा और रवि बिशोई सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खनिज संपदा ही नहीं, यात्री सुविधाओं में भी बस्तर का अधिकार
सर्व समाज ने कहा कि बस्तर केवल लौह अयस्क और खनिज संसाधन उपलब्ध कराने वाला क्षेत्र बनकर नहीं रह सकता। यहां के नागरिकों को भी देश के दूसरे हिस्सों की तरह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और यात्री परिवहन की बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
जगदलपुर तक रेललाइन पहुंचने से पूरे बस्तर संभाग के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकती है। इसलिए अब केवल घोषणाओं और आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि निर्माण कार्य जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
सर्व समाज का स्पष्ट संदेश है—रावघाट तक रेल पहुंची है, अब जगदलपुर तक रेललाइन निर्माण में और देरी स्वीकार नहीं। कोंडागांव से दोनों दिशाओं में काम शुरू हो, तभी बस्तर को वास्तविक यात्री रेल सुविधा मिल सकेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *