10 दिन पहले ही कपड़े की दुकान में शुरू किया था काम, परिजनों ने मानसिक तनाव से किया इनकार; शव पर चोट के निशान होने का दावा, CCTV कैमरों की निगरानी पर भी उठे सवाल
✒️सुभाष मेश्राम की खबर….

जगदलपुर। शहर के मध्य स्थित पूर्व विधायक के निवास बाफना हाउस में संचालित कपड़े की दुकान में 20-22 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत युवती की पहचान दंतेश्वरी वार्ड, बैलाबाजार निवासी दीपा सागर, पिता राजू सागर के रूप में पहचान हुई है। दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में काम करने वाली दीपा की मौत को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
महज 10 दिन की नौकरी और चौथी मंजिल पर मिली लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपा ने लगभग 10 दिन पहले ही संबंधित कपड़ा दुकान में काम शुरू किया था। दुकान के स्टाफ और संचालक से मिली जानकारी के अनुसार युवती ने दुकान की चौथी मंजिल पर अपनी ही चुन्नी से फांसी लगाई थी। लेकिन सवाल यह है कि महज 10 दिन पहले काम पर आई युवती के साथ आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसकी जिंदगी अचानक खत्म हो गई?
परिजनों का सवाल- जब कोई मानसिक परेशानी नहीं थी तो आत्महत्या क्यों?
मृतका के परिजनों का कहना है कि दीपा किसी मानसिक दबाव में नहीं थी और न ही परिवार को ऐसी कोई परेशानी दिखाई दी थी, जिसके चलते वह आत्महत्या जैसा कदम उठाती। परिजनों के मुताबिक बीती रात करीब 6:30 बजे के लगभग दीपा की परिवार वालों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 9 बजे के बाद उसके साथ काम करने वाली दूसरी युवती खुशबू दीपा का मोबाइल फोन लेकर परिजनों के पास पहुंची।
इस घटनाक्रम ने परिवार की चिंता और संदेह को और बढ़ा दिया है।
बाफना हाउस में CCTV कैमरे, फिर किसी को भनक क्यों नहीं लगी?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल बाफना हाउस की सुरक्षा व्यवस्था और CCTV निगरानी को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के विभिन्न हिस्सों में निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए हैं। ऐसे में सवाल है कि चौथी मंजिल तक पहुंचने और वहां हुई इस घटना की जानकारी समय रहते किसी को क्यों नहीं मिली?
क्या संबंधित CCTV कैमरे उस समय चालू थे? क्या उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित है? घटना से पहले और बाद की गतिविधियों में क्या कुछ रिकॉर्ड हुआ है? क्या पुलिस ने सभी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की है?
इन सवालों का जवाब सामने आना बेहद जरूरी है।
शव पर चोट के निशान होने का परिजनों का दावा
परिजनों ने युवती के शव पर चोट के निशान होने का दावा किया है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और प्रत्येक पहलू की बारीकी से पड़ताल जरूरी हो जाती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अब पुलिस जांच पर टिकी सबकी निगाहें
दीपा की मौत केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि कई अनुत्तरित सवालों का मामला बन गई है। पुलिस को दुकान के CCTV फुटेज, कर्मचारियों के बयान, मोबाइल फोन की जांच, घटनास्थल की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि दीपा की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या है? क्या यह आत्महत्या है या घटना के पीछे कोई और कहानी छिपी है?
परिवार को जवाब चाहिए, शहर को सच्चाई जाननी है और पुलिस के सामने इस मामले की हर कड़ी को स्पष्ट करने की जिम्मेदारी है।
दीपा को न्याय तभी मिलेगा, जब जांच में कोई सवाल अनुत्तरित नहीं छोड़ा जाएगा।
🚨5 महत्वपूर्ण सवाल🚨
🟥घटना के समय दुकान में कौन-कौन कर्मचारी मौजूद थे?
🟥दुकान के चौथे फ्लोर की CCTV फुटेज पुलिस ने जब्त की है या नहीं?
🟥दीपा का मोबाइल फोन खुशबू के पास कैसे पहुंचा और उसने परिजनों को कब सौंपा?
🟥पोस्टमार्टम में बताए गए चोट के निशानों की वास्तविक स्थिति क्या है?
🟥घटना की सूचना पुलिस को किसने और कितने बजे दी?
