मंगल साय की मौत पर परिवार का समझौते से इनकार, एक करोड़ मुआवजा और स्थायी नौकरी की मांग

NMDC नगरनार हादसे में स्वतंत्र SIT जांच की उठी मांग, नवनीत चाँद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पहुंचा मृतक के गांव; परिवार ने कथित समझौते पर उठाए सवाल

जगदलपुर/बस्तर। नगरनार स्थित NMDC स्टील प्लांट में 10 नवंबर को हॉट मेटल दुर्घटना में ऑपरेटर मंगल साय की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिवार ने कथित समझौते को स्वीकार करने से इनकार करते हुए एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और पूरे हादसे की स्वतंत्र SIT जांच कराने की मांग उठाई है।
इसी सिलसिले में बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश उपाध्यक्ष और मोर्चा के मुख्य संयोजक नवनीत चाँद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बकावंड ब्लॉक के ग्राम टूटीदेवड़ा पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।




कथित समझौते पर परिवार ने उठाए सवाल
मुलाकात के दौरान मृतक की पत्नी ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी समझौते की प्रक्रिया में शामिल नहीं थीं। परिवार ने किसी दबाव में समझौता स्वीकार करने से इनकार करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद संगठन ने परिवार की मांगों के समर्थन में संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर स्वतंत्र जांच की पहल की।
एक करोड़ मुआवजा और परिवार के सदस्य को स्थायी नौकरी की मांग
मृतक परिवार ने सात सूत्रीय मांगें सामने रखी हैं। इनमें एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक योग्य सदस्य को NMDC में स्थायी नौकरी तथा हादसे की जांच के लिए स्वतंत्र उच्चस्तरीय SIT का गठन प्रमुख है।
इसके अलावा दुर्घटना से जुड़े CCTV फुटेज, PLC/SCADA डेटा, क्रेन लॉग, मशीनरी और ड्यूटी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की गई है। परिवार ने वर्ष 2021 से 2026 तक के सुरक्षा ऑडिट, SOP, वर्क परमिट और ऑपरेटर प्रशिक्षण की जांच कराने के साथ कथित समझौते की प्रक्रिया और परिवार की सहमति की भी पड़ताल करने की मांग की है। यदि जांच में लापरवाही या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग भी की गई है।
16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों के बावजूद श्रमिक सुरक्षा पर सवाल
संगठन ने NMDC प्रबंधन को मिले 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि यदि औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था इतनी प्रभावी है, तो कार्यस्थल पर एक श्रमिक की जान कैसे चली गई? संगठन का कहना है कि पुरस्कारों और उपलब्धियों से अधिक महत्वपूर्ण श्रमिकों का जीवन है। इसलिए इस घटना की जांच केवल आंतरिक स्तर पर सीमित न रखते हुए स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से कराई जानी चाहिए।
नवनीत चाँद बोले—श्रमिक की जान की कीमत कागजी औपचारिकता से तय नहीं होगी
नवनीत चाँद ने कहा कि मंगल साय के परिवार का दुख पूरे समाज का दुख है। परिवार जब कथित समझौते में अपनी सहमति नहीं होने की बात कह रहा है, तो इस पहलू की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। हमारी मांग है कि परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, एक सदस्य को NMDC में स्थायी रोजगार और हादसे की स्वतंत्र SIT जांच सुनिश्चित की जाए। श्रमिक की जान की कीमत किसी कागजी औपचारिकता से तय नहीं हो सकती। संगठन परिवार को न्याय मिलने तक उसके साथ खड़ा रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल में संभागीय सचिव नीलाम्बर भद्रे, चित्रकोट विधानसभा अध्यक्ष कमल बघेल, जगदलपुर कार्यकारी अध्यक्ष ओम मरकाम, बस्तर ग्रामीण जिला अध्यक्ष संतु कश्यप, ओम प्रकाश रजक सहित मृतक परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
अब सवाल यह है कि NMDC प्रबंधन और जिला प्रशासन परिवार की इन मांगों पर क्या कदम उठाते हैं और मंगल साय की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां जांच में कब सामने आती हैं?

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *