कटनी में करोड़ों की सनसनीखेज चोरी! दीवार में सुरंग बनाकर घुसे बदमाश, गैस कटर से काटी तिजोरी, 15 करोड़ के जेवर लेकर फरार

किसना ज्वेलर्स में रातभर चला चोरी का सुनियोजित ऑपरेशन, लाल पहाड़ी में मिले गैस सिलेंडर और वारदात के औजार; छह से अधिक बदमाशों के शामिल होने की आशंका

कटनी/न्यूज़ एमपी एक्सप्रेस। मध्यप्रदेश के कटनी में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए ऐसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे शहर को सकते में डाल दिया है। बरगवां इलाके में स्थित किसना हीरा एवं आभूषण केंद्र में बदमाशों ने बाकायदा ऑपरेशन चलाकर करीब 12 से 15 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में बड़ा छेद किया, भीतर दाखिल हुए और गैस कटर से तिजोरी काटकर कीमती जेवरात लेकर चंपत हो गए।

दीवार में छेद, नीचे बिछाए पत्ते, ताकि किसी को न हो भनक!

वारदात का तरीका किसी फिल्मी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं था। बदमाशों ने दुकान की पिछली दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद बनाया। दीवार तोड़ने के दौरान निकलने वाले मलबे और आवाज को दबाने के लिए नीचे पत्ते तक बिछाए गए थे। इससे साफ है कि वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से पूरी तैयारी की गई थी।

गैस कटर से तिजोरी काटी, करोड़ों के जेवर समेटे

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने दुकान के भीतर रखी तिजोरी को गैस कटर की मदद से काटा और उसमें रखे कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी की घटना 12 नवंबर की सुबह करीब 4 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। सुबह 11 बजे दुकान खुलने के समय जब संचालक पहुंचे, तब इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ।

लाल पहाड़ी में मिला वारदात का सामान

घटना के बाद पुलिस को लाल पहाड़ी क्षेत्र में ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, गैस कटर और पेचकस सहित कई सामान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं उपकरणों का इस्तेमाल चोरी के दौरान किया गया। वारदात में छह से अधिक बदमाशों के शामिल होने की आशंका है, हालांकि उनकी वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दीपावली के लिए रखा था अतिरिक्त स्टॉक

दुकान संचालक मोहन बजाज के अनुसार, किसना ज्वेलर्स की शुरुआत इसी साल जून में हुई थी। दीपावली के मद्देनजर दुकान में सामान्य दिनों से अधिक आभूषणों का स्टॉक रखा गया था। संचालक ने बताया कि दुकान में रखे आभूषणों का बीमा भी कराया गया था। माना जा रहा है कि अतिरिक्त स्टॉक होने के कारण बदमाशों के हाथ बड़ी मात्रा में कीमती जेवर लगे।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी

करोड़ों की इस चोरी के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने दुकान के सुरक्षा प्रहरी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। घटनास्थल और लाल पहाड़ी से मिले सामान के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी दुकान की दीवार तोड़ने, तिजोरी काटने और करोड़ों के आभूषण समेटकर निकलने तक किसी को भनक क्यों नहीं लगी? क्या बदमाशों ने इलाके की रेकी पहले से कर रखी थी? फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही इस हाईप्रोफाइल चोरी की पूरी साजिश से पर्दा उठ सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *