मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सुशील मौर्य का हमला, बोले—कॉर्पोरेट घरानों को राहत, छोटे व्यापारियों को संकट

मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सुशील मौर्य का हमला, बोले—कॉर्पोरेट घरानों को राहत, छोटे व्यापारियों को संकट

FICCI के मंच से प्रधानमंत्री के रोजगार और वेतन वृद्धि पर उठाए सवालों को कांग्रेस ने बताया नीतिगत विफलता का कबूलनामा

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्योगपतियों से रोजगार सृजन और कर्मचारियों के वेतन में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने पर सवाल उठाए जाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने प्रधानमंत्री के बयान को सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का स्वीकारोक्ति बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों का लाभ बड़े कॉर्पोरेट घरानों तक सीमित रह गया है, जबकि छोटे व्यापारी, स्थानीय कारोबारी, लघु उद्योग और युवा आज भी आर्थिक संकट एवं बेरोजगारी से जूझ रहे हैं।

सुशील मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर 2026 को FICCI के कार्यक्रम में उद्योग जगत को संबोधित करते हुए सवाल उठाया था कि कॉर्पोरेट टैक्स में भारी राहत और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के बावजूद कंपनियां कर्मचारियों के वेतन में अपेक्षित वृद्धि और पर्याप्त रोजगार सृजन क्यों नहीं कर पाईं। कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री का यही सवाल सरकार की आर्थिक नीतियों की वास्तविक स्थिति उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया, बड़े उद्योगों को अनेक रियायतें दीं और निवेश बढ़ाने के दावे किए, लेकिन इन फैसलों का लाभ आम कर्मचारियों, बेरोजगार युवाओं और छोटे कारोबारियों तक नहीं पहुंचा। उद्योगपतियों को राहत मिलने के बावजूद यदि रोजगार और वेतन में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई, तो सरकार को अपनी नीतियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए।

राहुल गांधी के आरोपों का हवाला देकर भाजपा को घेरा

सुशील मौर्य ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश की आर्थिक व्यवस्था में बढ़ते एकाधिकार और चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों को मिल रहे लाभ का मुद्दा उठाते रहे हैं। एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानों सहित महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्रों में बड़े कॉर्पोरेट समूहों के बढ़ते प्रभाव से बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा प्रभावित होने की आशंका है। इसका सीधा असर छोटे उद्योगों, स्थानीय व्यापारियों और नए उद्यमियों के अवसरों पर पड़ रहा है।

नोटबंदी और GST से छोटे कारोबारियों की कमर टूटी

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण GST व्यवस्था ने छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और MSME सेक्टर को गहरा नुकसान पहुंचाया है। देश में बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने की क्षमता छोटे दुकानदारों, स्थानीय कारोबारियों और लघु उद्योगों में है, लेकिन इन्हीं क्षेत्रों को सरकारी नीतियों से पर्याप्त संरक्षण नहीं मिल रहा है। दूसरी ओर बड़े उद्योगपतियों को राहत और सुविधाएं देने में सरकार प्राथमिकता दिखा रही है।

उन्होंने कहा कि जब बाजार में कुछ बड़ी कंपनियों का प्रभाव बढ़ता है तो छोटे कारोबारियों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो जाता है। इसका असर रोजगार, बाजार की कीमतों और आम उपभोक्ताओं की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है।

प्रधानमंत्री से पूछे पांच सीधे सवाल

सुशील मौर्य ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि कॉर्पोरेट टैक्स में बड़ी राहत देने के बाद भी रोजगार और वेतन में अपेक्षित वृद्धि क्यों नहीं हुई? छोटे व्यापारियों को आर्थिक संकट से बाहर निकालने के लिए सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए? युवाओं को स्थायी रोजगार कब मिलेगा? MSME सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए सरकार की वास्तविक योजना क्या है? और देश की अर्थव्यवस्था में बढ़ते एकाधिकार को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

उन्होंने कहा कि देश को ऐसी आर्थिक नीति की आवश्यकता है, जिसमें बड़े उद्योगपतियों के साथ छोटे व्यापारी, मध्यम वर्ग, मजदूर, युवा और लघु उद्योगों को भी समान अवसर मिलें। केवल उद्योगों को टैक्स में छूट देना विकास का पैमाना नहीं हो सकता। वास्तविक विकास तब माना जाएगा, जब युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और छोटे व्यापारियों को कारोबार करने के लिए सुरक्षित एवं प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा।

सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार को अब केवल उद्योगपतियों से सवाल पूछने के बजाय अपनी नीतियों का भी जवाब देना चाहिए। देश की अर्थव्यवस्था का लाभ कुछ चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों तक सीमित नहीं, बल्कि आम जनता तक पहुंचना चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *