16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों के बावजूद नगरनार स्टील प्लांट में श्रमिक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल



नवनीत चाँद ने उठाई सात सूत्रीय मांग, स्वतंत्र SIT जांच से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तक की मांग

जगदलपुर। नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में श्रमिक मंगल साय की मौत के मामले ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्लांट को अब तक मिले 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों के बीच श्रमिक की मौत को लेकर प्रबंधन की जवाबदेही और सुरक्षा इंतजामों की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस मामले में नवनीत चाँद ने श्रमिक मंगल साय को न्याय दिलाने और घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सात सूत्रीय मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग की है कि घटना की जांच के लिए सात दिनों के भीतर स्वतंत्र SIT गठित की जाए, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की निष्पक्षता से पड़ताल हो सके।

नवनीत चाँद ने 48 घंटे के भीतर घटनास्थल से जुड़े CCTV फुटेज, PLC/SCADA डेटा, क्रेन और अन्य मशीनरी के तकनीकी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके साथ ही वर्क परमिट, श्रमिकों के प्रशिक्षण, कार्य आवंटन और निर्धारित SOP के पालन की भी जांच किए जाने की बात कही है।

उन्होंने वर्ष 2021 से 2026 तक का स्वतंत्र सुरक्षा ऑडिट कराने, प्रबंधन एवं जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठाई है।

मृतक श्रमिक के परिवार को वैधानिक मुआवजा, बीमा राशि, ESI के तहत मिलने वाले लाभ और रोजगार संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है। इसके अलावा 30 दिनों के भीतर जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और जांच में संज्ञेय अपराध सामने आने पर FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

नवनीत चाँद ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एनएमडीसी स्टील प्लांट के नाम 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार दर्ज हैं, तो आखिर श्रमिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? पुरस्कार और सम्मान तभी सार्थक हैं, जब कार्यस्थल पर श्रमिकों की जान सुरक्षित हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिक मंगल साय को न्याय मिलना चाहिए और इस घटना में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर संबंधित लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *