जगदलपुर। दीपा सागर मामले को लेकर बस्तर में जारी विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग के बीच अब सर्व आदिवासी समाज, जिला बस्तर ने 17 नवंबर को प्रस्तुत किए गए एक आवेदन में लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित आवेदकों से प्रमाण प्रस्तुत करने की मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी सिटी कोतवाली एवं जिला प्रशासन को आवेदन सौंपकर आरोपों की सत्यता की जांच और निराधार आरोप पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सर्व आदिवासी समाज, जिला बस्तर की ओर से 20 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली जगदलपुर को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि 17 नवंबर को जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत आवेदन में विभिन्न व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों और आंदोलन से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें आर्थिक प्रलोभन देकर भीड़ जुटाने, आंदोलन के नाम पर कथित धन उगाही, अवैध वसूली तथा सामाजिक विद्वेष फैलाने जैसे आरोप शामिल बताए गए हैं।
आरोप लगाने वालों से मांगा हिसाब और दस्तावेज
समाज ने अपने आवेदन में सवाल उठाया है कि यदि किसी व्यक्ति या संगठन ने आर्थिक प्रलोभन देकर लोगों को रैली, धरना-प्रदर्शन या आंदोलन में शामिल कराया है, तो यह स्पष्ट किया जाए कि किस व्यक्ति को कितनी राशि दी गई, भुगतान किसने किया और इसके समर्थन में क्या प्रमाण उपलब्ध हैं।
इसी तरह कथित अवैध धन उगाही के आरोप पर भी संबंधित आवेदकों से पूछा गया है कि किस व्यक्ति अथवा संगठन ने धन उगाही की, किससे कितनी राशि ली गई और इस संबंध में उनके पास क्या दस्तावेजी या साक्ष्यात्मक प्रमाण हैं।
बिना प्रमाण गंभीर आरोप लगाने पर कार्रवाई की मांग
समाज का कहना है कि किसी व्यक्ति या संगठन की सामाजिक प्रतिष्ठा, सार्वजनिक छवि और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले गंभीर आरोप बिना ठोस प्रमाण के नहीं लगाए जाने चाहिए। यदि आरोपों के समर्थन में साक्ष्य उपलब्ध हैं तो उन्हें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। वहीं, आरोप जानबूझकर गलत पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार FIR एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की जाए।
वहीं, समाज की ओर से कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी 20 नवंबर को अलग आवेदन सौंपा गया है। इसमें न्याय की मांग करने वाले किसी भी व्यक्ति या संगठन पर बिना ठोस आधार के गंभीर आरोप नहीं लगाने की बात कही गई है। आवेदन में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि झूठे आरोप लगाकर सामाजिक माहौल खराब करने अथवा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है, तो समाज कानूनी रास्ता अपनाएगा।
अब प्रशासन की जांच पर टिकी निगाहें
दीपा सागर मामले में लगातार सामने आ रहे आवेदनों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब बड़ा सवाल यह है कि संबंधित पक्ष अपने आरोपों के समर्थन में क्या प्रमाण प्रस्तुत करते हैं और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किस तरह आगे बढ़ाता है। फिलहाल सर्व आदिवासी समाज ने आरोपों की सत्यता सामने लाने और प्रमाण के आधार पर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
समाचार क्रांति भारत | पत्रकार सुभाष मेश्राम


