कुम्हारवंड कृषि महाविद्यालय में खेल प्रतियोगिताओं में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सांसद महेश कश्यप, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
जगदलपुर। शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुम्हारवंड में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करती है।
उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन हार से सीख लेकर जीत के लिए निरंतर प्रयास करना ही वास्तविक खिलाड़ी की पहचान है। बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की, ताकि यहां के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
सांसद ने खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


