1588 पदों की भर्ती में जिले के लिए 79 पद निर्धारित करने पर सवाल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; रिक्त पदों के अनुपात में भर्ती बढ़ाने की मांग

जगदलपुर। बस्तर में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से शुरू की गई बस्तर फाइटर्स भर्ती अब पदों के बंटवारे को लेकर सवालों के घेरे में है। बस्तर जिले के लिए महज 79 पद निर्धारित किए जाने पर बस्तरिया राज मोर्चा ने आपत्ति जताते हुए भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मोर्चा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं को न्यायसंगत अवसर देने की मांग की है।
1588 पदों की भर्ती, बस्तर जिले को सिर्फ 79 का हिस्सा
मोर्चा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि बस्तर फाइटर्स विशेष बल के अंतर्गत आरक्षक भर्ती के लिए कुल 1588 पदों पर भर्ती की सहमति प्रदान की गई है। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज द्वारा 26 सितंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार बस्तर जिले में कुल 199 पद रिक्त हैं, लेकिन इनमें से केवल 40 प्रतिशत यानी 79 पदों पर ही भर्ती प्रस्तावित की गई है।
199 पद रिक्त, फिर 79 पर ही भर्ती क्यों?
बस्तरिया राज मोर्चा ने भर्ती के इस अनुपात पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब बस्तर जिले में 199 पद रिक्त हैं, तो शेष पदों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर रखने का आधार क्या है? क्या बाकी रिक्त पदों पर भविष्य में भर्ती की जाएगी या स्थानीय युवाओं को इन अवसरों से वंचित रहना पड़ेगा?
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का उद्देश्य अधूरा न रह जाए
मोर्चा का कहना है कि बस्तर संभाग आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां हजारों शिक्षित बेरोजगार युवा सरकारी नौकरी की उम्मीद में वर्षों से प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित बस्तर फाइटर्स भर्ती में जिले के लिए सीमित पद निर्धारित करना युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है।
मोर्चा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बस्तर जिले में उपलब्ध रिक्त पदों को ध्यान में रखते हुए भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए तथा स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान किए जाएं।
अब सवाल यह है कि जब बस्तर में पद रिक्त हैं और युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तो भर्ती के अवसर सीमित रखने की वजह क्या है? बस्तर के युवाओं को उनके ही क्षेत्र में रोजगार का पर्याप्त अवसर कब मिलेगा?




