
✒️सुभाष मेश्राम की खबर…..
जगदलपुर। संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई सोने के आभूषणों की चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और बच्चों के जरिए चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के पांच आरोपियों और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर की शाम की है। त्योहार के चलते मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान में पहुंचा। भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह की एक महिला ने दुकान के दराज में रखे सोने के टॉप्स का बॉक्स निकालकर एक बालिका को थमा दिया और देखते ही देखते सभी वहां से निकल गए। कुछ देर बाद बॉक्स गायब मिलने पर दुकान संचालिका ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोरी की पूरी करतूत सामने आई। इसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फोटो, साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 17 C 3511 पुलिस के रडार पर आई। वाहन के मालिक से पूछताछ में पता चला कि उसने स्कॉर्पियो दुआ मोटर्स में बेच दी थी। आगे की जांच में वाहन को मासों कश्यप निवासी पथरीली उड़वा, कोड़ेनार द्वारा खरीदे जाने की जानकारी मिली। इसी सुराग के आधार पर पुलिस की जांच कोड़ेनार क्षेत्र तक पहुंची।
जंगल में छिपे आरोपियों की ड्रोन और थर्मल कैमरे से तलाश
नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन (आईपीएस) के मार्गदर्शन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। निरीक्षक लीलाधर राठौर, निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अमित सिदार और उप निरीक्षक अरुण मरकाम के नेतृत्व में टीमों ने कोड़ेनार के विभिन्न इलाकों में दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भागकर छिप गए थे। रात के अंधेरे में घेराबंदी कर उनकी तलाश की गई। जंगल और ऊंची घास वाले क्षेत्र में आरोपियों को खोजने के लिए थर्मल कैमरे और ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। संभावित ठिकानों पर पुलिसकर्मियों को पैदल गश्त के लिए भी तैनात किया गया। लगातार तलाश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
765.7 ग्राम सोना बरामद, तीन आरोपी अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की है। उनके कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वहीं मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
भीड़भाड़ वाली दुकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे, जबकि महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में दुकान में पहुंचकर दुकानदार का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान मौका देखकर आभूषणों की चोरी कर ली जाती थी।
इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं इस घटना ने त्योहारों और भीड़भाड़ के दौरान ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा तथा सीसीटीवी निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं
पत्रकार सुभाष मेश्राम
