✒️सुभाष मेश्राम की खबर….
“सुरक्षा के नाम पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर FIR हो और मृतक के परिवार को मिले स्थायी नौकरी” – छत्तीसगढ़ युवा मंच ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
जगदलपुर। नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (NSL) प्लांट परिसर में 10 नवंबर को काम के दौरान एक श्रमिक की दर्दनाक मौत ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर अब आक्रोश तेज होने लगा है। छत्तीसगढ़ युवा मंच के संस्थापक नरेंद्र भवानी ने एनएमडीसी प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सीधे तौर पर सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
नरेंद्र भवानी ने इस घटना को महज एक दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे सुरक्षा मानकों की कथित अनदेखी और श्रमिकों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ बताया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्लांट में काम करने वाले स्थानीय श्रमिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या उत्पादन और काम की रफ्तार श्रमिकों की जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है?
चार बड़ी मांगों के साथ प्रबंधन को घेरा
छत्तीसगढ़ युवा मंच ने एनएमडीसी प्रबंधन के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं।
1. ठेका कंपनी पर FIR और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई: भवानी ने सुरक्षा में लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठेका कंपनी और अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने तथा संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। उन्होंने कारखाना अधिनियम, 1948 की धारा 7A के तहत प्रबंधन की सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का भी हवाला दिया।
2. मृतक परिवार को तत्काल मुआवजा और बीमा लाभ: कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम के तहत परिवार को वैधानिक मुआवजा, पात्रता के अनुसार ESIC पेंशन और बीमा संबंधी सभी लाभ बिना देरी दिए जाने की मांग की गई है।
3. परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी: नरेंद्र भवानी ने कहा कि श्रमिक की मौत से परिवार पर आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में एनएमडीसी प्रबंधन को जिम्मेदारी लेते हुए मृतक के परिवार के एक आश्रित सदस्य को स्थायी रोजगार देना चाहिए।
4. दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और सेफ्टी ऑडिट सार्वजनिक हो: प्लांट में हुई दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ सभी ठेका कंपनियों के सुरक्षा ऑडिट और सुरक्षा संबंधी अनुबंध शर्तों को सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो प्लांट के मुख्य द्वार पर होगा प्रदर्शन
नरेंद्र भवानी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि श्रमिकों की मौत को महज औपचारिक जांच और आश्वासनों तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा। यदि एनएमडीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो छत्तीसगढ़ युवा मंच श्रमिकों के अधिकारों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगा। जरूरत पड़ने पर प्लांट के मुख्य द्वार पर उग्र प्रदर्शन भी किया जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि नगरनार स्टील प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा की जवाबदेही आखिर किसकी है? एक श्रमिक की जान जाने के बाद क्या प्रबंधन जवाबदेही तय करेगा या यह मामला भी जांच और आश्वासन के बीच दबकर रह जाएगा?
समाचार क्रांति भारत | पत्रकार सुभाष मेश्राम



