बाढ़ प्रभावितों की मदद को आगे आया ईसाई समाज, 101 परिवारों को राशन किट और 50 गांवों के लिए राहत सामग्री तैयार

✒️सुभाष मेश्राम की खबर…..

जगदलपुर। बस्तर में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित ग्रामीण परिवारों की सहायता के लिए ईसाई समाज द्वारा राहत एवं सेवा कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मार थोमा सीरियन चर्च, चर्च स्ट्रीट, राजीव गांधी वार्ड, फ्रेज़रपुर, जगदलपुर के सदस्यों ने कुरुषपाल गांव में बाढ़ से प्रभावित 101 जरूरतमंद परिवारों को सूखे राशन की 101 किट वितरित की।

राहत किट में चावल, गेहूं का आटा और विभिन्न प्रकार की दालें शामिल थीं। कुल मिलाकर लगभग 11 क्विंटल से अधिक सूखा राशन प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया गया। चर्च सदस्यों ने इस सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, बाढ़ आपदा से प्रभावित ग्रामीणों की सहायता के लिए कैथोलिक चर्च लालबाग द्वारा भी व्यापक राहत अभियान की तैयारी की गई है। चर्च समाज की ओर से लगभग 50 बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए दो ट्रक राहत सामग्री भेजने की तैयारी की जा रही है।

इस राहत सामग्री में बच्चों के लिए स्कूल बैग, शैक्षणिक सामग्री की किट, कंबल, बिस्तर की चादरें, साबुन, तेल, आवश्यक खाद्यान्न सहित दैनिक उपयोग की अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल हैं।

ईसाई समाज की इन दोनों पहलों का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाना और आपदा की कठिन परिस्थितियों में ग्रामीणों को राहत प्रदान करना है। बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा किए जा रहे राहत कार्य जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बन रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *