बाढ़ प्रभावित भेजापदर पहुंचे कमिश्नर डोमन सिंह, ग्रामीणों से की मुलाकात

✒️सुभाष मेश्राम की खबर….

राहत कार्यों की ली जानकारी, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

जगदलपुर। बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने गुरुवार को जगदलपुर तहसील अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम भेजापदर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों के मकानों को हुए नुकसान को देखा तथा स्थानीय पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से चर्चा कर राहत एवं सहायता कार्यों की जानकारी ली।

कमिश्नर ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की समझाइश भी दी।

प्रभावित परिवारों के लिए गांव में लगाया जाएगा कैंप कार्यालय

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के स्कूल अथवा ग्राम पंचायत भवन में कैंप कार्यालय लगाकर प्रभावित परिवारों से नियमित रूप से संपर्क किया जाए। साथ ही क्षति के प्रकरण तैयार करने, आवश्यक दस्तावेज जुटाने और परिवारों की जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेज किया जाए।

दो माह का खाद्यान्न एक साथ देने के निर्देश

उन्होंने उचित मूल्य दुकान के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवारों को दो माह का खाद्यान्न एक साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

पूर्ण क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को मिलेगी आवश्यक सामग्री

कमिश्नर ने पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के प्रभावित परिवारों को घरेलू उपयोग के बर्तन, कपड़े, राशन सामग्री सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए एनएमडीसी अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जमा मलबा और मिट्टी हटाने के लिए जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

दौरे के दौरान तहसीलदार राहुल गुप्ता, नायब तहसीलदार लखीधर पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने और नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *