बस्तर दशहरा में सुगम यातायात के लिए बस्तर पुलिस की अपील, शाम 4 बजे के बाद सड़क किनारे पार्किंग से बचें
✒️सुभाष मेश्राम की खबर…
जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के दौरान शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस ने आम नागरिकों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है। मां दंतेश्वरी के दर्शन, मेला और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जगदलपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बस्तर दशहरा के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, मंदिरों और धार्मिक आयोजन स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए पुलिस ने निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
शाम 4 बजे के बाद बेतरतीब पार्किंग न करें
बस्तर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाजार, मंदिर दर्शन और मीना बाजार जाने के लिए यथासंभव पैदल चलने अथवा दोपहिया वाहनों का उपयोग करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तीनपहिया और चारपहिया वाहनों का अनावश्यक उपयोग करने से बचें। विशेष रूप से शाम 4 बजे के बाद शहर में बेतरतीब पार्किंग न करें और न ही सड़क किनारे वाहन खड़ा करें।
रथ परिक्रमा के दौरान इन मार्गों पर रखें विशेष ध्यान
रथ परिक्रमा दिवस पर निर्धारित समय से पूर्व मिताली चौक, गोल बाजार, सिरहासार चौक, यामहा शोरूम, पुराना तहसील कार्यालय (दामोदर पेट्रोल पंप की ओर) तथा मुख्य पोस्ट ऑफिस की ओर वाहनों की पार्किंग नहीं करने की अपील की गई है। इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
मावली परघाव और रैनी के दौरान सीमित करें वाहनों का उपयोग
मावली परघाव दिवस पर मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, चावल लाइन, संजय मार्केट, अग्रसेन चौक और गुरुगोविंद सिंह चौक की ओर वाहनों का उपयोग करने से बचने की अपील की गई है।
इसी प्रकार भीतर रैनी एवं बाहर रैनी के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक, गोल बाजार, मेन रोड, एसबीआई चौक और कुम्हड़ाकोट की ओर कम से कम वाहनों का उपयोग करें। इन मार्गों पर सड़क किनारे अथवा बेतरतीब तरीके से पार्किंग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
घर और प्रतिष्ठानों के सामने सड़क पर वाहन खड़ा न करें
पुलिस ने शहरवासियों और व्यापारियों से कहा है कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने सड़क या गलियों में वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल अथवा निजी परिसर के भीतर पार्किंग करें। इससे सड़कों पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने नहीं देने की अपील की गई है।
बस्तर दशहरा की गरिमा बनाए रखने में करें सहयोग
बस्तर पुलिस ने समस्त शहरवासियों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे बस्तर दशहरा पर्व की धार्मिक परंपराओं और गरिमा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। सामूहिक सहयोग से ही पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखा जा सकता है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
विनीत,
बस्तर पुलिस, जगदलपुर
