वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर गारावंड में कांग्रेस की जन चौपाल, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

चंदन कश्यप बोले– हर वोट की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद

जगदलपुर। लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लगातार गांवों तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगरनार ब्लॉक के गारावंड मंडल में पंचायत भवन के सामने मंडल स्तरीय जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर मतदाता सूची की शुद्धता एवं मतदान के संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा की।

जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने, फर्जी प्रविष्टियों और दोहरे पंजीकरण जैसे मुद्दों को उठाते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने की अपील की।

लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करना जरूरी – चंदन कश्यप

पूर्व विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान महज कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा जनआंदोलन है। मतदाता सूची में गड़बड़ी, फर्जी प्रविष्टियां, दोहरे पंजीकरण और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने जैसे विषय गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गायब होना उसके सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित होने जैसा है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित होनी चाहिए और किसी भी अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कश्यप ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास तभी कायम रह सकता है, जब प्रत्येक मतदाता को भरोसा हो कि उसका वोट सुरक्षित है और चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

जन चौपाल में ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, मंडल प्रभारी दिनेश सिंह, मंडल अध्यक्ष दयाराम कश्यप, रविशंकर तिवारी, लखीराम भरती, हेमंत देवांगन, कमल नाग, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णिमा सीरिल, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रभुदास नाग, अंकित सिंह, महादेव मंकी, बुद्ध प्रकाश गोयल, रमेश पात्रो, नीलकंठ गोयल, नीमसार बघेल, बालक गोयल, मंगल साय बघेल, लक्ष्मण नाग एवं बलराम गोयल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *