NMDC, स्थानीय रोजगार, शिक्षा-स्वास्थ्य, जल-जंगल-जमीन और विस्थापितों के पुनर्वास पर हो समीक्षा; TAC की विशेष बैठक बुलाकर बजट और खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग।

✒️सुभाष मेश्राम की खबर….
📍जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर प्रवास के बीच बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के मुख्य संयोजक एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद ने जनजातीय अधिकारों और विकास योजनाओं को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने राष्ट्रपति और राज्यपाल से बस्तर के विकास का उच्चस्तरीय आकलन कराने की अपील की।
नवनीत चाँद का कहना है कि छत्तीसगढ़ गठन के 26 वर्षों बाद भी बस्तर में विकास की असली तस्वीर सामने आनी चाहिए। खनिज उत्पादन और औद्योगिक निवेश के आंकड़ों से आगे बढ़कर यह बताया जाए कि स्थानीय युवाओं को कितना रोजगार मिला और आदिवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा बुनियादी सुविधाओं का कितना लाभ पहुंचा।
नवनीत चाँद की 5 प्रमुख मांगें
1. जनजातीय अधिकारों का हिसाब: जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC) की विशेष बैठक बुलाकर वर्ष 2000 से अब तक योजनाओं के बजट, खर्च और परिणामों की समीक्षा सार्वजनिक की जाए। पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून और वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित हो।
2. उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार: NMDC, नगरनार स्टील प्लांट और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं में स्थानीय भर्ती, रिक्त पदों और ठेका श्रमिकों का विवरण सार्वजनिक किया जाए।
3. शिक्षा और स्वास्थ्य की जमीनी हकीकत: स्कूलों, छात्रावासों, शिक्षकों, डॉक्टरों और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का आकलन कर सुधार की समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए।
4. जल-जंगल-जमीन और विस्थापितों के अधिकार: भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय प्रभाव, ग्रामसभा की भूमिका और विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की समीक्षा हो। पोलावरम परियोजना तथा नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों की आजीविका पर भी ठोस पहल की जाए।
5. बस्तर की संस्कृति का संरक्षण: बस्तर दशहरा, मुरिया दरबार, देवगुड़ियों और पारंपरिक जनजातीय संस्थाओं के संरक्षण के लिए पर्याप्त बजट और स्थानीय समाज की भागीदारी सुनिश्चित हो।
औपचारिक दौरे से आगे ठोस पहल की मांग
नवनीत चाँद ने कहा कि राष्ट्रपति और राज्यपाल का बस्तर प्रवास केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाए। प्रत्येक प्रमुख मांग के लिए जिम्मेदार विभाग, निर्धारित बजट, समय-सीमा और सार्वजनिक प्रगति रिपोर्ट तय होनी चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बस्तर के विकास की असली कसौटी यह नहीं कि यहां से कितना खनिज निकला, बल्कि यह है कि स्थानीय जनता को रोजगार, बेहतर सुविधाएं और अपने संवैधानिक अधिकारों का कितना लाभ मिला।
जारीकर्ता:
नवनीत चाँद
मुख्य संयोजक, बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा
प्रदेश उपाध्यक्ष, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे)
