✒️सुभाष मेश्राम की खबर….

भानपुरी क्षेत्र में पारंपरिक विधि-विधान से हुआ स्वागत, महारा समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
जगदलपुर/भानपुरी। बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के आमाबाल परगना अंतर्गत सोनारपाल गांव में एक परिवार के 10 सदस्यों ने लगभग 20 वर्षों तक ईसाई धर्म का पालन करने के बाद अपने मूल धार्मिक और सांस्कृतिक रीति-रिवाजों में वापसी की। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक विधि-विधान के साथ परिवार का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में महारा समाज के पदाधिकारी, नाईक-पाईक, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद परिवार के सभी 10 सदस्यों को तिलक लगाकर समाज की पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था में पुनः शामिल किया गया।
करीब दो दशक बाद परिवार की वापसी के अवसर पर ग्रामीणों और समाज के लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ाव देखने को मिला।
