9 महीने से महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

✒️सुभाष मेश्राम की खबर…..
जगदलपुर। दीपावली से पहले महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला बस्तर ने सोमवार को कलेक्टोरेट परिसर के सामने सांकेतिक प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने तथा महंगाई भत्ते की एरियर्स राशि जीपीएफ खाते में जमा करने की मांग की।

संघ के तय कार्यक्रम के अनुसार शाम करीब 4:30 बजे कर्मचारी कलेक्टर कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। प्रदर्शन के जरिए उन्होंने सरकार से दीपावली से पहले महंगाई भत्ते में वृद्धि करने की मांग उठाई।
महंगाई की मार से बिगड़ रहा घरेलू बजट
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संघ के प्रदेश महामंत्री गजेंद्र श्रीवास्तव, संभाग अध्यक्ष अतुल शुक्ला और जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने कहा कि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार करते हुए नौ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक राहत नहीं मिली है।
संघ का कहना है कि खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम पदार्थ, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से कर्मचारियों के परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। ऐसे में त्योहारों को उत्साहपूर्वक मनाना भी आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।


दीपावली से पहले राहत देने की मांग
कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए दीपावली से पहले महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की जाए। साथ ही बकाया महंगाई भत्ते की एरियर्स राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा की जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिल सके।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान प्रमोद पांडे, राजेंद्र पांडे, निराकार आचार्य, जी.एल. यादव, दिलीप सोरी, देवराज खुटे, संजय वैष्णव, तेज सिंह, मोतीलाल वर्मा, सुबीर घोष, रामजी मामड़ीकर, गणेश्वर नायक, तेजू ठाकुर, पल्लव झा, तारा सिंह फुटान, मनोज महापात्र, धर्मराज चौधरी, खगेश सोम, दिलीप बिसाई, रवि साय सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमल नीलम मिश्रा समेत महिला पदाधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।
गजेंद्र श्रीवास्तव
प्रदेश महामंत्री, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ
