बस्तर कलेक्टर का सख्त फरमान हर सप्ताह स्कूल, आश्रम-छात्रावास और पीडीएस दुकानों का निरीक्षण करेंगे एसडीएम

✒️सुभाष मेश्राम की खबर
जगदलपुर — बस्तर जिला कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट के प्रेरणा कक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बस्तर मैराथन और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के भव्य आयोजन को प्रमुखता देते हुए जिले के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की गई।बैठक के दौरान कलेक्टर ने शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक कसावट लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एसडीएम अनिवार्य रूप से दो स्कूलों, दो आश्रम-छात्रावासों, पीडीएस दुकानों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे,ताकि मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं को सुधारा जा सके।
शिक्षा के क्षेत्र में पुस्तक दान महाभियान पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि 19 मार्च को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक अनिवार्य रूप से पुस्तकें दान करें, क्योंकि किसी के लिए पुरानी पुस्तक पढ़ने वाले के लिए नई हो सकती है। उन्होंने स्कूलों के पास-आउट विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में अग्निवीर भर्ती अभियान से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सुरक्षा बलों के शिविरों में रक्तदान शिविर आयोजित करने और आयुष्मान कार्ड की ब्लॉकिंग स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग को पोषण ट्रैकर ऐप और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत 15 दिनों के भीतर नवजात बच्चों की जानकारी अपडेट करने तथा रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने धान उठाव की स्थिति,खाद-बीज के भंडारण और पीएम किसान सम्मान निधि के तहत आधार सीडिंग व एग्रीस्टैक की प्रगति का संज्ञान लिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना का क्रियान्वयन और संपूर्णता अभियान 2.0 की डाटा एंट्री समय पर पूर्ण की जाए।कलेक्टर ने श्रमिकों को ट्रैक कर उनके राशन कार्ड बनवाने और पुनर्वासित नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में हिट एंड रन प्रकरणों से संबंधित समिति और नशा मुक्ति अभियान की भी समीक्षा की गई। साथ ही अप्रैल माह के पांच प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन कर जानकारी देने को कहा गया।बैठक के अंत में आधार शिविर लगाकर आधार अपडेट कराने और स्कॉलरशिप परीक्षा के लिए बच्चों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, श्री ऋषिकेश तिवारी, आयुक्त नगर निगम श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *