बस्तर पुलिस की अपील– हेलमेट पहनें, नशे में वाहन न चलाए,सड़क सुरक्षा माह का समापन, 150 लोग हुए सम्मानित,

जगदलपुर– 37 वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह शुक्रवार को पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर, लालबाग में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता महापौर संजय पांडे ने की।
विशिष्ट अतिथियों में बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा शामिल रहे। इस दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले करीब 150 लोगों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और निःशुल्क हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन, सड़क सुरक्षा मितान, वाहन चालक, ब्लड डोनर, आम नागरिक और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने यातायात जागरूकता पर आधारित संगीत प्रस्तुति देकर लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया।बस्तर पुलिस ने 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह के दौरान कई जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें हेलमेट बाइक रैली, स्कूल-कॉलेजों में यातायात जागरूकता अभियान, हाट बाजारों में पोस्टर-बैनर के जरिए जागरूकता, वाहन चालकों का नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण, ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, नुक्कड़ नाटक, आवारा मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाना, रेडियम ट्री रिफ्लेक्टर लगाना, बस-टैक्सी चालकों का प्रशिक्षण और एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स को ट्रैफिक नियमों का प्रशिक्षण शामिल रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *