✒️सुभाष मेश्राम की खबर….
⬛▶️जगदलपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं, नकली खाद-बीज की बिक्री और कृषि विभाग की शिकायतों के निराकरण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन बस्तर छत्तीसगढ़ ने गुरुवार को बस्तर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
⬛▶️संगठन के पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में किसानों ने आयुक्त एवं जिला प्रशासन के समक्ष किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की मांग रखी।
⬛▶️किसान यूनियन ने कहा कि बस्तर जिले में किसानों को खाद, बीज एवं कृषि से संबंधित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से नकली खाद की बिक्री के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन का आरोप है कि कई प्रभावित किसानों की शिकायतों के बावजूद उन्हें उचित राहत या मुआवजा नहीं मिल पाया है।
⬛▶️किसानों को अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
⬛▶️किसान यूनियन ने प्रशासन से नकली खाद से प्रभावित किसानों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच, दोषी खाद-बीज विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई और नकली खाद के कारण फसल एवं आर्थिक नुकसान उठाने वाले किसानों को उचित राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है।
ज्ञापन में खाद एवं बीज की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने, खाद-बीज की कालाबाजारी एवं अधिक कीमत पर बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों की शिकायतों पर शिविर लगाकर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की गई है।
⬛▶️किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण हो सके। ज्ञापन में बस्तर जिले एवं पूरे संभाग में कृषि को क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए किसानों के हित में प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।


