अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कारवाही,भारी मात्रा में जलाऊ लकड़ी समेत टाटा 1109 वाहन जप्त -करपावंड


✒️सुभाष मेश्राम की खबर…..
🟥करपावंड (जिला बस्तर )में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का कड़ा प्रहार टाटा 1109 वाहन समेत भारी मात्रा में जलाऊ लकड़ी- जप्त…

🟥जगदलपुर– वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशों और विभाग की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बस्तर में अवैध कटाई और तस्करी के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में मंगलवार 7 अप्रैल को वन परिक्षेत्र करपावंड के अंतर्गत ग्राम गारेंगा के बाजार चौक पर वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वाहन चेकिंग के दौरान टाटा 1109 वाहन क्रमांक CG27 G 0144 को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें महुआ एवं आम के जलाऊ मिश्रित 07 चट्टा अवैध रूप से परिवहन करते पाए गए,वाहन चालक भवानी प्रसाद सूर्यवंशी, निवासी देउरबाल (कोंडागाँव), मौके पर वनोपज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध अनुज्ञा पत्र या दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह असफल रहा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर परिसर रक्षक तुलेश बघेल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी के सातों चट्टे और वाहन को भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 की सुसंगत धाराओं के तहत जप्त कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी करपावंड ने जप्त वाहन और सामग्री को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी विधिवत सूचना प्राधिकृत अधिकारी एवं उपवनमंडलाधिकारी बस्तर को प्रेषित कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्य वनसंरक्षक जगदलपुर वृत्त श्री आलोक कुमार तिवारी एवं वनमंडलाधिकारी बस्तर श्री उत्तम कुमार गुप्ता के सतत मार्गदर्शन में विभाग वनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वनों की अवैध कटाई, तस्करी और अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र के लकड़ी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *